भारतीय स्वदेशी मेला” दिल्ली में पहली बार — आत्मनिर्भर भारत की नई शक्ति का भव्य प्रदर्शन करेगा कैट
भारतीय व्यापार, वाणिज्य, संस्कृति और नवाचार की उभरती शक्ति को प्रदर्शित करने की ऐतिहासिक पहल करते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने आज घोषणा की कि देश का पहला सबसे बड़ा “भारतीय स्वदेशी मेला” 1 मई से 5 मई तक नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। स्वदेशी उत्पादों का यह महा-उत्सव भारत में अब तक आयोजित होने वाले सबसे बड़े आयोजनों में से एक होगा, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल”, “लोकल टू ग्लोबल” और “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को सशक्त रूप से आगे बढ़ाएगा।
यह मेला स्वदेशी जागरण मंच, लघु उद्योग भारती, एमएसएमई डेवलपमेंट फोरम तथा देशभर के अनेक प्रमुख राष्ट्रीय व्यापार संगठनों, महासंघों और चैंबरों के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जाएगा — यह जानकारी आज नई दिल्ली में हुई कैट द्वारा गठित “स्वदेशी मेला आयोजन बोर्ड” की राष्ट्रीय बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के चेयरमैन डॉ. रामगोपाल गोयल ने की। ज्ञातव्य है की 25 नवंबर को नई दिल्ली में कैट की राष्ट्रीय ट्रेड लीडर्स मीट में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री श्री पीयूष गोयल ने स्वदेशी मेला लगाने का सुझाव कैट को दिया था।
एक अद्वितीय व भव्य वाणिज्यिक और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में वर्णित यह स्वदेशी मेला भारत के संपूर्ण उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को एक मंच पर लाएगा। देश भर के व्यापार संगठनों, महिला उद्यमियों, एमएसएमई, कारीगरों, स्टार्टअप्स, स्वयं सहायता समूहों, हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट क्लस्टर्स, और विभिन्न उत्पाद संघों की भागीदारी होगी। पूरे देश से प्रदर्शक अपने श्रेष्ठतम उत्पाद प्रस्तुत करेंगे। भारत में निर्मित और बेचे जाने वाले लगभग सभी श्रेणियों के उत्पादों तथा कई सेवा क्षेत्रों की बड़ी संख्या इस मेले में भाग लेगी।
यह मेला एक जीवंत जन-उत्सव के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिसमें शामिल होंगे थीम आधारित सजावट और सांस्कृतिक वातावरण, कारीगरों और स्टार्टअप्स के लाइव डेमोंस्ट्रेशन, प्रतिदिन आकर्षक मंचीय कार्यक्रम, भारत की विविध खाद्य परंपराओं को दर्शाते फूड कोर्ट, इंटरैक्टिव उपभोक्ता ज़ोन, परिवारों, युवाओं और बच्चों के लिए विशेष आकर्षण आदि
इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और चाँदनी चौक से सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा की “भारतीय स्वदेशी मेला भारत की उद्यमशीलता शक्ति और सांस्कृतिक विरासत का भव्य उत्सव होगा। यह लाखों व्यापारियों, कारीगरों, निर्माताओं और स्टार्टअप्स को अपने व्यापार को बढ़ाने, नए बाजार खोजने और भारत की आर्थिक वृद्धि में योगदान देने का राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।”
श्री खंडेलवाल ने कहा कि यह मेला भारत की उद्यमिता और सांस्कृतिक वैभव का अभूतपूर्व प्रदर्शन होगा, जो व्यापारियों, कारीगरों, निर्माताओं और स्टार्टअप्स के लिए अपार अवसर प्रस्तुत करेगा और उन्हें भारत की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान की दिशा में प्रेरित करेगा।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी. सी. भरतिया ने कहा कि यह स्वदेशी मेला विकसित भारत की यात्रा को तीव्र करेगा, जिसमें एमएसएमई, व्यापारी, महिलाएँ, युवा और अन्य प्रमुख हितधारक केंद्र में हैं। यह आयोजन भारत को एक अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र के रूप में स्थापित करेगा, विशेषकर एमएसएमई के लिए, और मेड इन भारत उत्पादों के लिए एक वैश्विक मंच तैयार करेगा। यह भारत एवं विश्व का सबसे बड़ा आयोजन होगा, जिसके बाद क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारतीय स्वदेशी मेलों का आयोजन होगा।
मेले में कई जन-आकर्षक गतिविधियाँ होंगी, जिनमें शामिल हैं एमएसएमई,बैंक, फिनटेक और राज्य निवेश टीमों द्वारा ऑन-द-स्पॉट EOI/लोन, टार्टअप्स के लिए शार्क टैंक-शैली के आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेलिब्रिटी उपस्थिति, उत्पाद प्रदर्शन, युवा प्रतियोगिताएँ, भव्य फूड फेस्टिवल आदि को भारत की संस्कृति और सभ्यता के साथ जोड़कर प्रदर्शित किया जाएगा।
जनभागीदारी को अधिकतम बनाने और राष्ट्रीय दृश्यता सुनिश्चित करने के लिए कैट एक व्यापक राष्ट्रीय प्रचार अभियान शुरू करेगा। अवसंरचना, ब्रांडिंग, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शक समन्वय, सरकारी संपर्क और विज़िटर प्रबंधन हेतु व्यापार नेताओं एवं विशेषज्ञों की विभिन्न समितियाँ गठित की जा रही हैं।
भारत सरकार के केंद्रीय मंत्रालयों, विभिन्न राज्य सरकारों और कई विदेशी दूतावासों को भी आमंत्रित किया जाएगा ताकि वे थीम-आधारित पवेलियन स्थापित कर सकें और भारतीय उत्पादों के निवेश, वैश्विक सहयोग तथा निर्यात संभावनाओं को बढ़ावा दे सकें। विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भारतीय उद्योगों से साझेदारी और नए बाजारों की खोज हेतु संवाद करेंगे।
कैट देशभर के व्यापारियों को इस मेले में भाग लेने के लिए आमंत्रित करेगा और आम जनता से भी आग्रह है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक अनुभव के अनोखे अवसरों का लाभ उठाएँ।
Recent Latest News
- कैप्टन स्मित मच्छार को ‘सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित किया जाए: कैट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी से विशेष आग्रह
- Captain Smit Machhar should be conferred the “Sarvottam Jeevan Raksha Padak”: CAIT* Special appeal to Prime Minister Shri Narendra Modi Ji
- एमडीआर के विरोध में ‘नो यूपीआई डे’ का आह्वान वापस यूपीआई मुद्दे पर देश भर के वरिष्ठ व्यापारिक नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री से की मुलाकात
- MDR No UPI Day” Call Withdrawn Senior Trade Delegation Meets Finance Minister on UPI
- नए ई-कॉमर्स नियम अधिक पारदर्शिता, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और जवाबदेही सुनिश्चित करेंगे: खंडेलवाल कैट ने ऐतिहासिक सुधारों का स्वागत किया, प्रिडेटरी प्राइसिंग, एफडीआई उल्लंघनों और पक्षपातपूर्ण व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की मांग की