कैप्टन स्मित मच्छार को ‘सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित किया जाए: कैट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी से विशेष आग्रह
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल ने भारत सरकार से आग्रह किया है कि फ्लाईदुबई विमान दुर्घटना जैसे एक बड़े संभावित संकट को अपनी अद्भुत वीरता, साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा से टालने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को देश के प्रतिष्ठित “सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक” से सम्मानित किया जाए।
हाल ही में हुई घटना में कैप्टन मच्छार ने स्वयं गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद असाधारण साहस का परिचय देते हुए विमान में सवार 174 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के जीवन की रक्षा की। अत्यंत विषम परिस्थितियों में उनका धैर्य, त्वरित निर्णय और कर्तव्य के प्रति समर्पण मानवता एवं राष्ट्र गौरव का अनुपम उदाहरण है।
सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक क्या है?
सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक भारत सरकार द्वारा प्रदान किया जाने वाला जीवन रक्षा पदक श्रृंखला का सर्वोच्च सम्मान है। यह उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने स्वयं के जीवन को अत्यंत गंभीर खतरे में डालकर दूसरों के प्राण बचाने के लिए असाधारण साहस का प्रदर्शन किया हो। गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह सम्मान “जीवन बचाने हेतु अत्यधिक जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में प्रदर्शित विशिष्ट साहस” के लिए प्रदान किया जाता है।
श्री खंडेलवाल ने कहा की कैप्टन स्मित मच्छार का यह कार्य इस सम्मान की भावना और मानदंडों पर पूरी तरह खरा उतरता है। उन्होंने न केवल सैकड़ों लोगों के जीवन की रक्षा की, बल्कि विश्व मंच पर भारतीय साहस, पेशेवर उत्कृष्टता और मानवीय मूल्यों की एक प्रेरक मिसाल भी प्रस्तुत की है।उन्होंने कहा की भारत वीरों की भूमि है जिसे कैप्टेन स्मित ने प्रमाणित किया है और प्रधानमंत्री श्री मोदी सदैव वसुधैव कुटुम्बकम का आह्वान करते हैं, उसे कैप्टेन स्मित ने सही अर्थों में साबित भी किया है।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा स्वयं कैप्टन मच्छार के साहस की सराहना किया जाना पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। यह उचित होगा कि राष्ट्र उनकी वीरता को सर्वोच्च नागरिक जीवन-रक्षा सम्मान प्रदान कर औपचारिक रूप से सम्मानित करे।
उन्होंने यह भी कहा कि कैट एवं देशभर का व्यापारिक समुदाय कैप्टन मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहा है। देश के करोड़ों व्यापारी उनके साहस को नमन करते हैं और उनके पूर्ण स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं
कैट द्वारा नागरिक अभिनंदन
श्री खंडेलवाल ने कहा की कि कैप्टन स्मित मच्छार जब भी भारत आयेंगे, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा उनका भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित होकर इस वीर भारतीय का सम्मान करेंगे।
उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने यह सिद्ध कर दिया है कि भारतीय केवल अपने कर्तव्यों का निर्वहन ही नहीं करते, बल्कि संकट की घड़ी में मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की भी परवाह नहीं करते। उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
Recent Latest News
- कैप्टन स्मित मच्छार को ‘सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित किया जाए: कैट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी से विशेष आग्रह
- Captain Smit Machhar should be conferred the “Sarvottam Jeevan Raksha Padak”: CAIT* Special appeal to Prime Minister Shri Narendra Modi Ji
- एमडीआर के विरोध में ‘नो यूपीआई डे’ का आह्वान वापस यूपीआई मुद्दे पर देश भर के वरिष्ठ व्यापारिक नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री से की मुलाकात
- MDR No UPI Day” Call Withdrawn Senior Trade Delegation Meets Finance Minister on UPI
- नए ई-कॉमर्स नियम अधिक पारदर्शिता, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और जवाबदेही सुनिश्चित करेंगे: खंडेलवाल कैट ने ऐतिहासिक सुधारों का स्वागत किया, प्रिडेटरी प्राइसिंग, एफडीआई उल्लंघनों और पक्षपातपूर्ण व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की मांग की