contact@cait.in

+91 95604 43514

Background Image

राहुल गांधी जी, व्यापारियों को रैली की भीड़ नहीं, त्योहारों में ग्राहकों की भीड़ चाहिए-खंडेलवाल*

कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी द्वारा रामलीला मार्च में शामिल होने के लिए दिल्ली आ रहे लोगों से स्थानीय दुकानों पर खरीदारी करने की अपील पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट ) के राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि दिल्ली के व्यापारियों को रैली में शामिल होने वाली भीड़ नहीं, बल्कि त्योहारों के अवसर पर बाजारों में आने वाले ग्राहकों की जरूरत है।

श्री खंडेलवाल ने तीखे शब्दों में कहा कि *“ राहुल गांधी जी, दिल्ली के व्यापारियों की रोजी-रोटी कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है कि पहले उनके कारोबार को प्रभावित किया जाए और फिर रैली में आए लोगों से खरीदारी कराकर नुकसान की भरपाई का सुझाव दिया जाए। पहले बाजारों का रास्ता बाधित होने की स्थिति पैदा करना और फिर खरीदारी का उपदेश देना व्यापारियों की वास्तविक पीड़ा को समझने का विकल्प नहीं हो सकता।”*

श्री खंडेलवाल ने कहा कि यह कहना कि मार्च और रैली भी होगी तथा उसमें शामिल लोग छोटी दुकानों से खरीदारी भी करेंगे, दिल्ली के व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं है। व्यापार केवल कुछ लोगों की प्रतीकात्मक खरीदारी से नहीं चलता। व्यापार के लिए बाजारों तक निर्बाध पहुंच, ग्राहकों की आवाजाही, माल की आपूर्ति, ट्रांसपोर्ट, पार्किंग और सामान्य व्यावसायिक गतिविधियों का सुचारु रहना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि दिवाली, छठ और भाईदूज जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के दौरान दिल्ली के बाजारों में देशभर से लाखों ग्राहक खरीदारी के लिए आते हैं। यह समय व्यापारियों के लिए वर्ष के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी अवसरों में से एक होता है। ऐसे में यदि मार्च और रैली के कारण यातायात बाधित होता है, रास्तों पर जाम लगता है अथवा बाजारों तक पहुंच प्रभावित होती है, तो इसका सीधा असर दुकानदारों, छोटे कारोबारियों, कर्मचारियों, रेहड़ी-पटरी वालों, परिवहन से जुड़े लोगों और लाखों परिवारों की आजीविका पर पड़ सकता है।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि कैट लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का सम्मान करता है। यदि उद्देश्य लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराना है, तो इसके लिए दिल्ली के बाहरी क्षेत्रों में उपयुक्त स्थानों का चयन किया जा सकता है, ताकि राजधानी के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक गतिविधियों एवं सामान्य जन जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी को दिल्ली के व्यापारियों की चिंता को राजनीतिक बयानबाजी का विषय बनाने के बजाय उनकी आजीविका और त्योहारों के कारोबार के प्रति संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। रैली में आने वाले लोगों से खरीदारी की अपील करने सीधे तौर पर दिल्ली के व्यापारियों से एक मजाक है। दिल्ली के व्यापारी किसी के रहमों करम की भीख पर व्यापार नहीं करते।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली के व्यापारियों को राजनीतिक भीड़ नहीं, खरीदारी करने वाले ग्राहक चाहिए; भाषण नहीं, सुचारु बाजार चाहिए; और नुकसान की भरपाई के आश्वासन नहीं, नुकसान से बचाने वाली व्यवस्था चाहिए। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन व्यापारियों की रोजी-रोटी और आम नागरिकों की सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए।

Recent