contact@cait.in

+91 95604 43514

Background Image

दिल्ली में 13 नवंबर को कैट की राष्ट्रीय बैठक- देशभर के वरिष्ठ व्यापारी नेता आंदोलनों से व्यापार की सुरक्षा पर करेंगे मंथन शहरों के बाहरी क्षेत्रों में विरोध एवं प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थल बनाने की मांग को लेकर सरकारों एवं न्यायपालिका तक पहुंचेगा व्यापारी समुदाय जीएसटी रिफॉर्म, साइबर फ्रॉड से बचाव, ‘एक व्यापारी–एक लाइसेंस’ तथा पुराने एवं अप्रासंगिक कानूनों की समाप्ति पर भी होगा विचार-विमर्श

देश की राजधानी दिल्ली में पिछले लगभग एक महीने के दौरान विभिन्न राजनीतिक आंदोलनों, धरनों एवं प्रदर्शनों के कारण व्यापारिक गतिविधियों में हुए व्यापक व्यवधान और व्यापारियों की आजीविका पर पड़े प्रतिकूल प्रभाव को लेकर देशभर के व्यापारी समुदाय में गहरी नाराजगी, चिंता एवं क्षोभ व्याप्त है। इस गंभीर विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर विचार-विमर्श करने तथा भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से व्यापार एवं रोजी-रोटी को सुरक्षित रखने की ठोस रणनीति बनाने के लिए *कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने आगामी 13 नवंबर को दिल्ली में देश के सभी राज्यों के वरिष्ठ व्यापारी नेताओं की एक दिवसीय राष्ट्रीय बैठक बुलाई है।*

*कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल* ने बताया कि इस बैठक में देश के विभिन्न राज्यों एवं प्रमुख व्यापारिक संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधि भाग लेंगे। बैठक में दिल्ली में पिछले एक महीने के दौरान हुए विभिन्न आंदोलनों, धरनों एवं प्रदर्शनों से व्यापार को हुए नुकसान, व्यापारियों, दुकानदारों, छोटे कारोबारियों, रेहड़ी-पटरी वालों तथा व्यापार पर निर्भर लाखों लोगों की आजीविका पर पड़े प्रभाव का विस्तार से विश्लेषण किया जाएगा।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली में हुए घटनाक्रम ने केवल दिल्ली के व्यापारियों को ही नहीं, बल्कि देशभर के व्यापारी समुदाय को गहरे आक्रोश एवं चिंता में डाल दिया है। *देश की राजधानी में व्यापारिक गतिविधियों का बाधित होना केवल दुकानों के बंद रहने या बिक्री कम होने का मामला नहीं है, बल्कि इससे आपूर्ति श्रृंखला, माल की आवाजाही, कर्मचारियों की आजीविका, छोटे कारोबारियों के नकदी प्रवाह तथा देश की अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। त्योहारों एवं विवाह के मौसम जैसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक समय में इस प्रकार के व्यवधान का असर और भी गंभीर हो जाता है।*

श्री खंडेलवाल ने कहा कि अब समय आ गया है कि देश के प्रत्येक शहर में विरोध एवं प्रदर्शनों के लिए शहरों के बाहरी क्षेत्रों अथवा ऐसे उपयुक्त स्थानों को निर्धारित किया जाए, जहां लोग शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख सकें और लोकतांत्रिक विरोध भी हो सके, लेकिन शहरों के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों, बाजारों, परिवहन मार्गों एवं व्यावसायिक गतिविधियों को बाधित न होना पड़े। यह व्यवस्था केवल दिल्ली तक सीमित न रहकर देशभर के सभी राज्यों एवं शहरों में लागू किए जाने पर विचार होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय बैठक में व्यापारी नेता यह तय करेंगे कि इस विषय पर आगे किस प्रकार की राष्ट्रीय रणनीति अपनाई जाए।

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी सी भरतिया ने बताया कि राष्ट्रीय बैठक का एजेंडा केवल आंदोलनों से व्यापार को होने वाले नुकसान तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें देश के व्यापारिक क्षेत्र को अधिक सरल, सुरक्षित, आधुनिक एवं प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा होगी।इनमें प्रमुख रूप से जीएसटी में रिफॉर्म लाने हेतु जीएसटी की प्रक्रियाओं को और सरल बनाने, विभिन्न रिटर्न एवं अनुपालन संबंधी जटिलताओं को कम करने, तकनीकी समस्याओं का समाधान करने, छोटे व्यापारियों को अधिक सुविधाएं देने तथा अनावश्यक नोटिस एवं मुकदमेबाजी को कम करने के लिए आवश्यक सुझाव देने पर भी विचार किया जाएगा वहीं साइबर फ्रॉड से व्यापारियों की सुरक्षा हेतु डिजिटल भुगतान, यूपीआई, बैंकिंग एवं ऑनलाइन व्यापार में बढ़ते साइबर अपराधों से व्यापारियों को सुरक्षित रखने, त्वरित शिकायत निवारण, बैंक खातों को अनावश्यक रूप से फ्रीज किए जाने की समस्याओं तथा साइबर धोखाधड़ी के मामलों में प्रभावी सहायता व्यवस्था बनाने पर विचार होगा।

कैट के राष्ट्रीय चेयरमैन श्री ब्रजमोहन अग्रवाल ने बताया कि एक व्यापारी–एक लाइसेंस की व्यवस्था पर भी चिंतन होगा। व्यापारियों को एक ही व्यवसाय के संचालन के लिए अनेक विभागों एवं प्राधिकरणों से अलग-अलग लाइसेंस लेने की अनिवार्यता से राहत दिलाने तथा एकीकृत लाइसेंसिंग व्यवस्था विकसित करने के आग्रह तथा पुराने एवं अप्रासंगिक कानून जो पुराने, नियमों तथा प्रक्रियाओं की पहचान करना जो वर्तमान व्यापारिक परिस्थितियों में अनावश्यक अनुपालन का बोझ बढ़ाते हैं पर भी चर्चा होगी। इनके निरस्तीकरण अथवा व्यापक संशोधन के लिए सरकार से आग्रह किया जाएगा।

व्यापारी नेताओं ने कहा की व्यापार शुरू करने एवं संचालित करने की प्रक्रियाओं को सरल बनाने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, ऑनलाइन अनुमतियों, सिंगल विंडो सिस्टम तथा अनावश्यक निरीक्षणों एवं प्रक्रियात्मक बाधाओं को कम करने पर सुझाव तैयार किए जाएंगे।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि व्यापार के नए अवसरों के देश भरमें विस्तार के संदर्भ में डिजिटल कॉमर्स, ई-कॉमर्स, भारत ई-मार्ट, स्वदेशी उत्पादों, एमएसएमई, निर्यात, नए बाजारों तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग के माध्यम से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए नए अवसर विकसित करने पर चर्चा होगी।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय व्यापारिक समुदाय देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। करोड़ों व्यापारी और छोटे कारोबारी न केवल करोड़ों लोगों को रोजगार प्रदान करते हैं, बल्कि देश की आपूर्ति व्यवस्था, उपभोक्ता अर्थव्यवस्था और सरकारी राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसलिए व्यापारियों के हितों की सुरक्षा को केवल एक व्यापारिक मुद्दे के रूप में नहीं, बल्कि देश की आर्थिक स्थिरता, रोजगार संरक्षण और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषय के रूप में देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि 13 नवंबर की यह राष्ट्रीय बैठक व्यापारिक समुदाय की सामूहिक आवाज को एक ठोस दिशा देने का प्रयास होगी। बैठक में लिए गए निर्णयों एवं सुझावों के आधार पर सरकार और संबंधित संस्थाओं के समक्ष एक व्यापक कार्ययोजना प्रस्तुत की जाएगी, ताकि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों एवं व्यापारिक गतिविधियों के बीच संतुलन स्थापित हो और किसी भी परिस्थिति में आम व्यापारी की रोजी-रोटी अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो।

कैट का स्पष्ट मत है कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार भी सुरक्षित रहना चाहिए और व्यापार एवं आजीविका का अधिकार भी। दोनों के बीच संतुलन स्थापित करना ही एक जिम्मेदार, संवेदनशील एवं विकसित अर्थव्यवस्था की पहचान है।

Recent