contact@cait.in

+91 95604 43514

Background Image

केंद्रीय दिल्ली में धरने-प्रदर्शनों से व्यापारियों में भारी आक्रोश, प्रदर्शन स्थल दिल्ली के बाहरी क्षेत्रों में निर्धारित करने की मांग कैट ने ऑनलाइन याचिका शुरू की; दिल्ली के व्यापारिक संगठनों की कल ऑनलाइन बैठक में बनेगी आगे की रणनीति

केंद्रीय दिल्ली में लगातार हो रहे धरने-प्रदर्शनों और रैलियों से व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को लेकर व्यापारियों में गहरी नाराज़गी और आक्रोश है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने सरकार से आग्रह किया है की है कि धरने-प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थल दिल्ली के बाहरी क्षेत्रों में बनाए जाएं, ताकि लोकतांत्रिक अधिकारों और व्यापारिक गतिविधियों के बीच संतुलन कायम रखा जा सके।

इस मांग को जनसमर्थन दिलाने के लिए दिल्ली के अनेक व्यापारिक संगठनों संयुक्त रूप से आज से एक ऑनलाइन याचिका शुरू की है। इस मुद्दे पर कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ( कैट) ने कल, 26 अक्टूबर को दिल्ली के व्यापारिक नेताओं की ऑनलाइन बैठक भी बुलाई है, जिसमें दिल्ली के सभी हिस्सों के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेकर इस समस्या के समाधान और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

कैट के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विपिन आहूजा, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुमित अग्रवाल, दिल्ली प्रदेश महासचिव आशीष ग्रोवर, चांदनी चौक ट्रेडर्स परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेश बिंदल, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव, खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव मेहरा तथा किराना कमेटी के अध्यक्ष गंगा बिशन गुप्ता ने कहा कि लगातार होने वाले प्रदर्शनों से बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही, माल की ढुलाई, परिवहन और दैनिक व्यापार प्रभावित होता है। इसका सबसे अधिक खामियाजा छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों, दिहाड़ी मजदूरों और अन्य सेवा प्रदाताओं को भुगतना पड़ता है, जिनकी रोजाना की आय पर उनके परिवार निर्भर हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली देश के सबसे बड़े व्यापारिक एवं वितरण केंद्रों में से एक है। दिल्ली की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार व्यापार, थोक एवं खुदरा बाजार, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और सेवाएं हैं। यह मुख्यतः न तो कृषि प्रधान और न ही औद्योगिक उत्पादन पर आधारित राज्य है। इसलिए दिल्ली के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में व्यवधान का असर केवल दुकानदारों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि देशभर में माल की आपूर्ति और उससे जुड़ी आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ सकता है।

व्यापारिक नेताओं ने स्पष्ट कहा कि व्यापारियों को विरोध-प्रदर्शनों से कोई विरोध नहीं, लेकिन विरोध के नाम पर दूसरों की रोजी-रोटी प्रभावित होना स्वीकार्य नहीं है। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण व्यापार करने, रोजगार कमाने और आजीविका चलाने का अधिकार भी है।

उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि दिल्ली के बाहरी क्षेत्रों में पर्याप्त परिवहन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं से युक्त स्थायी प्रदर्शन स्थल निर्धारित किए जाएं। इससे प्रदर्शनकारी अपनी बात प्रभावी ढंग से रख सकेंगे और केंद्रीय दिल्ली के बाजारों, आम नागरिकों तथा आर्थिक गतिविधियों को अनावश्यक बाधाओं से बचाया जा सकेगा।

व्यापारी नेताओं ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिल्ली के व्यापारिक वातावरण और लाखों लोगों की आजीविका की रक्षा करना है। कल की ऑनलाइन बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के सुझावों के आधार पर सरकार के समक्ष यह मांग सामूहिक रूप से उठाने की रणनीति बनाई जाएगी।

कैट का स्पष्ट कहना है कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सुरक्षित रहे, लेकिन दिल्ली का व्यापार, रोजगार और आम आदमी की रोजी-रोटी भी सुरक्षित रहनी चाहिए।

ऑनलाइन याचिका:- https://c.org/wJLY8mF2dQ

Recent Latest News