दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ता त्योहारों पर खरीदारी के जरिए व्यापारियों के नुकसान की भरपाई में भागीदार बनें-खंडेलवाल राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली और लगातार धरने-प्रदर्शनों से अब तक दिल्ली के व्यापार को ₹4,000 करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान दुकानदारों से लेकर रेहड़ी-पटरी वालों और दिहाड़ी मजदूरों तक, लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित; भाजपा कार्यकर्ता आगे आकर दें आर्थिक संबल
दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद एवं कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रवीन खंडेलवाल ने दिल्ली में पिछले एक महीने से अधिक समय से जारी धरने-प्रदर्शनों, रैलियों और यातायात व्यवधानों से व्यापारिक गतिविधियों पर पड़े प्रतिकूल प्रभाव के मद्देनजर दिल्ली भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता से भावपूर्ण अपील की है कि वर्तमान त्योहारों के खरीदारी सीजन में दिल्ली के स्थानीय बाजारों से खरीदारी करके व्यापारिक समुदाय को आर्थिक संबल प्रदान करें।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि कैट के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इन व्यवधानों के कारण अब तक दिल्ली के व्यापार को ₹4,000 करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। ऐसे समय में 1 नवंबर को कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित रैली को लेकर भी व्यापारियों में चिंता है। राहुल गांधी को अपने राजनीतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ दिल्ली के व्यापार, जनजीवन और लाखों लोगों की आजीविका पर पड़ने वाले प्रभावों के प्रति भी संवेदनशील होना चाहिए।
श्री खंडेलवाल ने कहा, “राहुल गांधी और विपक्षी दलों के लिए यह केवल राजनीतिक अखाड़े का विषय है, तो भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इसे दिल्ली के व्यापारियों और मेहनतकश लोगों के प्रति अपने दायित्व के रूप में देखता है। हमारे लिए व्यापारी केवल आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा नहीं, बल्कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ और लाखों परिवारों की आजीविका का आधार हैं।
उन्होंने कहा कि इस नुकसान का दायरा केवल दुकानदारों तक सीमित नहीं है। छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों, स्ट्रीट वेंडर्स, फेरीवालों, दिहाड़ी मजदूरों, हमालों, परिवहन एवं माल ढुलाई कर्मियों, कारीगरों, डिलीवरी कर्मियों और व्यापार से जुड़े अनेक अन्य वर्गों की आय भी प्रभावित हुई है। बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बाधित होने का असर पूरी व्यापारिक श्रृंखला पर पड़ता है—बिक्री घटती है, काम के अवसर कम होते हैं और हजारों परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो जाता है।
श्री खंडेलवाल ने दिल्ली भाजपा के सभी सांसदों, विधायकों, पार्षदों, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इस त्योहारों के मौसम में कपड़े, मिठाई, उपहार, घरेलू सामान तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी दिल्ली के बाजारों से करें और अपने परिवारों, मित्रों एवं सामाजिक संपर्कों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इस पहल में छोटे दुकानदारों, स्थानीय कारीगरों और रेहड़ी-पटरी वालों को भी प्राथमिकता दी जाए, ताकि आर्थिक सहयोग का लाभ व्यापार से जुड़े सभी वर्गों तक पहुंचे
श्री खंडेलवाल ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ आम नागरिकों की आवाजाही, व्यापारिक गतिविधियों और मेहनतकश लोगों की रोजी-रोटी के प्रति जिम्मेदारी भी उतनी ही आवश्यक है। राजनीतिक कार्यक्रमों के कारण यदि बाजारों तक ग्राहकों की पहुंच प्रभावित होती है, तो उसका खामियाजा उन लोगों को भुगतना पड़ता है जिनकी आजीविका रोज के कारोबार पर निर्भर है।
उन्होंने कहा, “त्योहारों का मौसम व्यापारियों के लिए वर्ष का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। ऐसे में हमारी खरीदारी किसी दुकानदार को कारोबार का सहारा, किसी मजदूर को काम और किसी परिवार को राहत दे सकती है। यह केवल खरीदारी नहीं, बल्कि अपने लोगों के साथ खड़े होने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर है।”
श्री खंडेलवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली भाजपा का कार्यकर्ता इस अपील को जनसहभागिता के अभियान के रूप में आगे बढ़ाएगा और अपने सामूहिक प्रयासों से दिल्ली के व्यापारिक समुदाय का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के व्यापारियों, छोटे कारोबारियों, स्ट्रीट वेंडर्स और मेहनतकश लोगों के साथ खड़ा होना केवल संवेदनशीलता का विषय नहीं, बल्कि हमारी आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारी है।
Recent Latest News
- राहुल गांधी अपने ट्वीट से देश के व्यापारियों को राजनीतिक बयानबाजी का शिकार नहीं बना सकते मोदी सरकार ने सुधारों के माध्यम से व्यापारियों को सशक्त बनाया है – राहुल गांधी व्यापारिक समुदाय के मुद्दों पर राजनीति करना बंद करें
- India’s traders cannot be reduced to a subject of political rhetoric.through tweets from Rahul Gandhi Modi Govt empowers traders through reforms- Rahul Gandhi must stop politicising trading community
- 7.5 लाख करोड़ की शादियों की अर्थव्यवस्था-भारत में अब तक का सबसे बड़ा विवाह कारोबार उछाल आने को तैयार 25 दिनों में 52 लाख शादियाँ – देश की अर्थव्यवस्था और घरेलू बाजार में आएगी अभूतपूर्व तेजी: कैट
- ₹7.5 LAKH CRORE WEDDING ECONOMY-India gears up for its biggest wedding business boom 52 LAKH WEDDINGS IN 25 DAYS-India
- छठ महापर्व बना आस्था, श्रद्धा और आर्थिक समृद्धि का अद्भुत संगम; देशभर में ₹65,000 करोड़ से अधिक का कारोबार – कैट छठ पर्व से किसानों, व्यापारियों, कुटीर उद्योगों, महिला उद्यमियों और पारंपरिक कारीगरों को मिला बड़ा आर्थिक संबल